![](https://vobnews.in/wp-content/uploads/2023/02/IMG-20230222-WA0022.jpg)
वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ रोहतक में एक महिला के साथ दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। जिसमें महिला को गर्भावस्था के दौरान मारपीट करके घर से बाहर निकाल दिया। वहीं महिला ने आरोप लगाया कि उसका ससुर भी अश्लील हरकत करता था। जिसके आधार पर पुलिस ने पति व ससुर सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 13 अप्रैल 2021 को पटेल नगर निवासी मनीष से हुई थी। उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने दहेज का लोभ लालच दिखाना शुरू कर दिया। ससुराल वाले ताने मारकर कहते कि दहेज भी नहीं लाई।उसने आरोप लगाया कि उसका ससुरा शराब पीने का आदि है और उस पर बुरी नजर रखता है। वह मर्डर केस में जेल जा चुका है। साथ ही उसका कहना था कि पुलिस भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी। उसका ससुर उसके साथ अश्लील हरकत करता (गलत नीयत से छूता)। जब इस बारे में अपनी सास को शिकायत की तो उनका कहना था कि उसका ही घर है, जो चाहेगा वह करेगा।पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीने का आदि है और गलत लोगों से संबंध रखता था। उसकी ननद भी आए दिन रात को मायके आ जाती और बुरा व्यवहार करती। जब वह विरोध करती है तो पति, देवर, सास-ससुर व ननद सभी मिलकर मारपीट करने लगते हैं। कई बार तो उन्होंने उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की।महिला ने आरोप लगाया कि उसके सभी जेवरात को अलमारी में रखकर ताला लगा देते हैं। साथ ही ताना देते कि इतना ही गहने पहनने का शौक है तो अपने बाप से मांगकर ले आ। ससुराल वाले उसके आभूषण ननद को पहनने के लिए दे देते हैं। जब इस पर वह एतराज जताती है तो ससुराल वाले अमानवीय व्यवहार करते हैं।उन्होंने कहा कि उसे रसोई में से भी कुछ खाने की इजाजत नहीं थी। रसोई को ताला लगा दिया जाता। खाना बनाने के बाद भी बिना अनुमति के खाना नहीं मिलता था। महिला के पिता की जमीन गांव में है, जिस पर ससुराल वालों की बुरी नीयत थी और वह उसे हड़पना चाहते थे। वह उस पर दबाव डाल रहे हैं कि जमीन बेचकर उसके पति का शोरूम खुलवा दें उसने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे छोटी-छोटी बातों पर तंग व परेशान करते थे। जिसके कारण 10 सितंबर 2021 को उसका गर्भपात भी हो गया। जब उसने डॉक्टर को दिखाया तो उसने बताया कि ऐसा मानसिक तनाव व शारीरिक प्रताड़ना के कारण हुआ है। पीड़िता ने फिर से गर्भधारण किया।ससुराल वालों ने चरित्रहीन होने का आरोप लगाकर पीड़िता को ससुराल वालों ने गर्भपात करवाने का दबाव बनाने लगे, लेकिन महिला ने मना कर दिया तो ससुराल वाले कहने लगे कि तुम्हारे साथ ऐसा व्यवहार करेंगे कि गर्भपात हो पाएगा। क्योंकि हम तुमसे बच्चा नहीं चाहते। यहां तक कि उसका पति कई बार जबरन मायके छोड़कर आता था।ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट की। जिसके बाद महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन पुलिस भी उन्हें घर बसाने की सलाह देने लगी। पुलिस के जाने के बाद ससुराल वाले गुस्से में आ गए। जिसके बाद उन्होंने महिला को मात्र तीन कपड़ों में गर्भावस्था के समय घर से बाहर निकाल दिया।पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं के तहत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें महिला का पति मनीष, ससुर दर्शन, सास निशा, देवर साहिल व ननद अन्नू का नाम है।