
वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ बहादुरगढ़। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार से त्रस्त जनता पर भाजपा सरकार ने रसोई गैस की कीमते बढ़ाकर एक बोझ और बढ़ा दिया है। भाजपा
सरकार लगातार रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी करके जनता को परेशान करने पर तुली है। होली के त्योहार से पहले भाजपा ने रसोई गैस सिलेंडर पर 50 रुपए की बढ़ोतरी करके त्योहार के रंग में भंग डालने का काम किया है, जिससे जनता में भाजपा सरकार के प्रति काफी रोष है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने से पहले जब रसोई गैस की कीमत 460 रुपए हुई तो भाजपाई कपड़े उतारकर सड़कों पर प्रदर्शन करते थे, लेकिन अब 1100 रुपए का सिलेंडर होने पर भी भाजपा नेता अपने घरों में छुपे हुए बैठे हैं। भाजपा सरकार शासनकाल में बढ़ रही महंगाई ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। आम लोगों के रोजमर्रा की खाने पीने की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिस कारण जनता परेशान है, लेकिन भाजपा नेताओं को लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार ही नहीं है। देश व प्रदेश की जनता भाजपा शासन से पूरी तरह से तंग आ चुकी है, क्योंकि भाजपा ने जनता को लूटने के अलावा कुछ नहीं किया। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गैस कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है, जिस कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। कभी पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं तो कभी रसोई गैस की कीमतों में इजाफा करके भाजपा सरकार देश व प्रदेश की
जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए जन विरोधी नीतियां अपना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम
आदमी की सरकार नहीं, बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है, जो उनके इशारे पर काम करती है। पंूजीपतियों के इशारे पर काम कर भाजपा लगातार महंगाई बढ़ाकर आम आदमी की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को चेताया कि तुरंत प्रभाव से इस गैस बढ़ोतरी की कीमतों को वापिस लिया जाए। उन्होंने कहा कि इनेलो प्रधान महासचिव चौ. अभय सिंह चौटाला द्वारा शुरू की गई परिवर्तन पद यात्रा को जनता को भरपूर प्यार व जन समर्थन मिल रहा है। इनेलो की परिवर्तन पद यात्रा प्रदेश की जनता को भाजपा की कुनीतियों से छुटकारा दिलाने में अहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर लोगों को महंगाई से राहत दिलाने का काम किया जाएगा।