प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी करें योगदान :- विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी करें योगदान :- विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण

– भारत विकास परिषद कर रही जनसेवा के सराहनीय कार्य
– गरीब व्यक्ति आत्मनिर्भर होने से देश होगा आत्मनिर्भर
– स्वैच्छिक कोष से भारत विकास परिषद की स्थानीय शाखा को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की
– भारत विकास परिषद चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निर्मित आरोग्य केंद्र का किया उद्घाटन

वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ :
रोहतक।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि भारत विकास परिषद मानव कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने परिषद के सदस्यों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य करें। सक्षम वर्ग गरीब व्यक्ति को समृद्ध करने के लिए कार्य करेगा तभी हर व्यक्ति आत्मनिर्भर हो सकता है। इसी उद्देश्य के साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान संचालित किया जा रहा है।
हरविंद्र कल्याण भारत विकास परिषद चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्थानीय पालिका बाजार के नजदीक नवनिर्मित आरोग्य केंद्र का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। भारत विकास परिषद चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में हरविंद्र कल्याण ने भारत विकास परिषद की रोहतक शाखा को अपने स्वैच्छिक कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि भारत वर्षों तक गुलाम रहा। उन्होंने कहा कि इस दौरान विदेशी आक्रमणकारियों ने न केवल देश को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाया, बल्कि उन्होंने देश की संस्कृति को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया। देश की आजादी के उपरांत देश ऊंचाई की ओर आगे बढ़ा, परंतु युवाओं को प्राचीन संस्कृति से नहीं जोड़ा गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को प्राचीन संस्कृति से जोड़ने के लिए अनेक कार्यक्रम संचालित कर रही है। महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बदली गई कई व्यवस्थाओं से प्रदेश में बदलाव हुआ है। युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन भी प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ मेल खाता है। उन्होंने भारत विकास परिषद के मानव कल्याण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जब एक सक्षम वर्ग जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करता है, तो हर व्यक्ति का कल्याण होता है।
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि गत दिनों उन्होंने कन्याकुमारी स्थित उस स्थल के दर्शन किये, जहां पर स्वामी विवेकानंद ने तपस्या की थी। लाखों व्यक्ति इस स्थल के दर्शन करने के लिए हर वर्ष पहुंचते है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद को पूरा देश युवा दिवस के अवसर पर याद करता है। हमें गरीब व्यक्तियों को भी आर्थिक रूप से संपन्न करना होगा तभी महापुरुषों की कल्पना पूर्ण होगी तथा देश विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सभी अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें तथा उन्नति की राह दिखाये। बच्चों को सही और गलत में अंतर समझाये।

परिषद द्वारा देशभर में संचालित किए जा रहे अनेक सेवा केंद्र :- राजकुमार अग्रवाल
भारत विकास परिषद के सेवा प्रकल्प के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि परिषद द्वारा देशभर में अनेक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे है। कोटा में परिषद द्वारा 400 बेड का अस्पताल संचालित किया जा रहा है। भारत विकास परिषद द्वारा हर वर्ष एक करोड़ 75 लाख से अधिक लोगों की सेवा के कार्य किए जाते है, जिन पर लगभग 40 करोड़ रुपये की राशि खर्च होती है। यह राशि समाज द्वारा ही दी जाती है। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा लगभग 19 हजार लोगों की निशुल्क सर्जरी की जाती है तथा 30 हजार लोगों का डायलिसिस किया जाता है। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा दो बड़े अस्पतालों के निर्माण पर 125 करोड़ रुपये खर्च किए गए है। रोहतक में परिषद का डायग्नोस्टिक सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव है। समाज के लोगों में परिषद के सेवा कार्यों के प्रति काफी उत्साह है।

भारत विकास परिषद निरंतर मानव कल्याण के कार्य कर रही :- पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि भारत विकास परिषद निरंतर मानव कल्याण के कार्य कर रही है। परिषद द्वारा सामुहिक परिवार के रूप में कार्य किया जा रहा है। भारत विकास परिषद में पति-पत्नी दोनों को शामिल किया जाता है तथा सेवा कार्यों की योजना तैयार करने के लिए साप्तहिक बैठके आयोजित की जाती है। परिषद के सभी सदस्य सेवा कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेते है।

जनसेवा में कार्यरत है भारत विकास परिषद :- सतीश नांदल
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि भारत विकास परिषद जन सेवा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि समाज में मुख्य रूप से चार व्यवस्थाएं है, जिनमें सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक और राजनैतिक व्यवस्था शामिल है। यह सभी प्रजातांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। मानव कल्याण सबसे बड़ा कार्य है। उन्होंने कहा कि वे भारत विकास परिषद को हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।
भारत विकास परिषद चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश बंसल ने कहा कि परिषद के सभी सदस्यों के सहयोग से ही आरोग्य केंद्र का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद व्यक्ति इस केंद्र का लाभ उठाये। उन्होंने परिषद के सभी सदस्यों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वन ग्रुप डिवल्पर्स के अध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से विश्वास का पाठ सीखा है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद गरीब लोगों की निरंतर सेवा कर रही है। उन्होंने विकास परिषद को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। ट्रस्ट के सचिव चंद्रसेन ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा आरोग्य केंद्र के लिए चार मंजिला भवन का निर्माण किया है तथा आगामी 31 मार्च तक इस केंद्र का पूर्ण कार्य हो जायेगा।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद की ओर से मुख्य अतिथि व अन्य अतिथिगण को अंगवस्त्र व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति हुई तथा शुभम मित्तल ने राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम पर एकल गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश बंसल, महासचिव चंद्रसेन, कोषाध्यक्ष राजेश कत्याल, रमन गुप्ता, विजय गुप्ता, अजय बंसल, राजेंद्र बंसल, नरेंद्र खट्टïर, अशोक गुप्ता, विकरांत शर्मा, गीता गुप्ता, सुनील जैन, सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र, पीजीआईएमएस के निदेशक एसके सिंगल, सुदेश मित्तल, लोकेश जैन, प्रवीन गुप्ता, दीपक जिंदल, डॉ. रेनु मलिक सहित भारत विकास परिषद के अन्य सदस्यगण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Leave a Reply