विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अलग-अलग स्थानों का किया दौरा

विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अलग-अलग स्थानों का किया दौरा

वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ संजय पांचाल रोहतक, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज रोहतक जिला के विकास से संबंधित मौजूदा एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को लेकर अलग-अलग स्थानों का दौरा किया। परियोजनाओं के बारे में मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चीनी मिल भाली, रोहतक का दौरा किया। उन्होंने मिल में मौजूद गन्ना उत्पादक किसानों से बातचीत की। मिल में चीनी उत्पादन प्रक्रिया को देखा। उन्होंने मिल परिसर के दौरे के दौरान उपायुक्त यशपाल तथा चीनी मिल की प्रबंध निदेशक मेजर गायत्री अहलावत से चीनी मिल की प्रगति के बारे में रिपोर्ट भी प्राप्त की।

भिवानी रोड़ से जुड़ेगा मोखरा रोड़

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चीनी मिल भाली का दौरा करने के उपरांत गांव बनियानी के समीप भिवानी रोड़ से मोखरा रोड़ की कनेक्टिविटी के लिए बनाए जाने वाले प्रस्तावित मार्ग का मौका भी देखा। उन्होंने मौके पर भू-मालिकों से भी बातचीत की और कहा कि इस रोड़ के बनने के बाद आसपास के क्षेत्र के विकास में और भी तेजी आएगी।

गांव भाली पहुंच व्यक्त किय शोक

मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसके उपरांत गांव भाली में दिवंगत सूबे सिंह के घर पहुंचे। सूबे सिंह का गत 2 फरवरी को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उन्होंने दिवंगत सूबे सिंह के बेटे शमशेर सिंह व जय भगवान सहित परिवारजनों से मिलकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

नवनियुक्त चयनित एचसीएस अधिकारी ने मुख्यमंत्री से लिया आशीर्वाद 

परिजनों ने कहा योग्यता तथा पारदर्शिता के आधार पर हुआ चयन

हाल ही में चयनित हुए रोहतक जिला के ककराना गांव निवासी एचसीएस विपिन शर्मा ने पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा अपने माता-पिता के साथ रोहतक के सिंचाई विश्राम गृह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की और आशीर्वाद लिया। परिजनों ने मुख्यमंत्री का मुंह मीठा करवाया। विपिन शर्मा ने कहा कि उनकी नियुक्ति से स्पष्ट हो गया कि हरियाणा में पारदर्शी तरीके तथा बिना किसी सिफारिश के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही है। परिजनों ने पारदर्शी व्यवस्था देने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार जताया और कहा उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक साधारण परिवार का बच्चा भी एचसीएस सेलेक्ट हो सकता है। मुलाकात के दौरान विपिन शर्मा के पिता राजेंद्र शर्मा भावुक हो गए और कहा कि हरियाणा में पूरी ईमानदारी से युवाओं को नौकरी मिल रही है और इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जाता है।

गांव कन्हैली में बनाये जा रहे मल शोधन संयंत्र का भी मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

परियोजना का 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक जिला के गांव कन्हैली में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए जा रहे मल शोधन संयंत्र पर सौर ऊर्जा ग्रेड संचालित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना की प्रगति के बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यक दिशानिर्देश भी जारी किए। मल शोधन संयंत्र से 3.06 क्यूसेक पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा। योजना के तहत यहां पर सूक्ष्म सिंचाई के लिए 45 एचपी एवं एक सौ एलपीएस क्षमता के पंप लगाए जा रहे हैं। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 4715 मीटर लंबी मुख्य लाइन बिछाई जाएंगी। सोलर ग्रिड पॉवर पर आधारित समेकित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से गांव मायना वह कन्हेली के लगभग 300 किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना से मिलने वाले पानी से 1250 एकड़ अर्थात 506 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाएगी। ऐसा करने से नहर के 3.06 क्यूसेक शुद्ध जल की बचत होगी, जिसका अन्य कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा। इस पानी से सिंचाई के बाद भूमि की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी तथा परियोजना से सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 23 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कार्य को मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। अब तक परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर राजकुमार कपूर, पार्टी के वरिष्ठï नेता रमेश भाटिया, कुलविंदर सिक्का के अलावा अधिकारियों में जिला उपायुक्त यशपाल, जिला पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, सिंचाई विभाग अधीक्षण अभियंता दिनेश राठी, रोहतक के एसडीएम राकेश कुमार सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply