वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ रोहतक। उपायुक्त डॉ. यशपाल ने कहा है कि शहीदों की बदौलत आज हम सब खुली हवा में सांस ले रहे हैं वही आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। शहीदी दिवस के अवसर पर भारत मां के महान सपूत भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव की शहादत को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि मां भारती के इन महान सपूतों का बलिदान देश की हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बना रहेगा।
डॉ. यशपाल ने कहा कि भारत की आजादी के पीछे स्वतंत्रता सेनानियों ने बहुत संघर्ष किया है। भारत की आजादी की लड़ाई में अहम योगदान निभाने वाले भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को आज ही के दिन यानी 23 मार्च 1931 को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी। देश के इन सपूतों ने आजादी के लिए हंसते-हंसते उन्होंने अपने प्राण देश पर न्योछावर कर दिए थे। उन्होंने कहा कि देश के बहादुर क्रांतिकारियों और महान सपूतों द्वारा दिए गए बलिदान की याद में हर साल 23 मार्च को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उपायुक्त डॉ. यशपाल ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने अलग रास्ते पर चलते हुए अंग्रेजों से लड़ाई शुरू की थी। भारत के इन तीन सपूतों ने बहुत कम उम्र में देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया था। उन्होंने कहा कि इस दिन का मकसद वीरता के साथ लडऩे वाले सेनानियों की वीर गाथाओं को लोगों के बीच लाना है। इनकी याद और उन्हें नमन करने के लिए आज का दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।