बहादुरगढ़ में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने जताया रोष, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

बहादुरगढ़ में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने जताया रोष, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़:
बहादुरगढ़ ।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने गहरा रोष व्यक्त किया है। बहादुरगढ़ में काम के सिलसिले में आई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, शहर में ज्वेलर्स के यहां हुई चोरी तथा बादली के विधायक कुलदीप वत्स को धमकी मिलने की घटनाओं को उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया है।
पूर्व विधायक राजेंद्र जून ने कहा कि बहादुरगढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। यह घटना साफ दर्शाती है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा कि महिलाएं रोजगार और काम के लिए घरों से बाहर निकल रही हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं मिल पा रहा है। यह सीधे तौर पर सरकार की नाकामी है।
उन्होंने ज्वेलर्स के यहां हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों में भय का माहौल है और पुलिस की गश्त केवल कागजों तक सीमित रह गई है। राजेंद्र जून ने कहा कि यदि समय रहते अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
बादली के कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को धमकी मिलने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है।
राजेंद्र जून ने सीधे तौर पर भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा शासन में हरियाणा की कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि आम जनता का कानून पर विश्वास बहाल हो सके।
पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जनता के हक और सुरक्षा के लिए आंदोलन करेगी।

Leave a Reply