जिलाभर से पशुपालकों व किसानों के लिए पशुधन प्रदर्शनी तक बस यात्रा की सुविधा निशुल्क

जिलाभर से पशुपालकों व किसानों के लिए पशुधन प्रदर्शनी तक बस यात्रा की सुविधा निशुल्क

वॉइस ऑफ़ बहादुरगढ़ न्यूज़ झज्जर, हरियाणा सरकार की ओर से पशु एवं डेयरी विभाग हरियाणा के माध्यम से किसानों व पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और नवीनतम तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से आजादी अमृत काल में चरखी दादरी में 11 से 13 मार्च तक 39 वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झज्जर जिला से काफी संख्या में पशुपालक और किसान मेले में भाग लेंगे। सुविधाजनक आवागमन के लिए झज्जर जिला से दस बसों की व्यवस्था की गई है। इन बसों में यात्रा निशुल्क रहेगी। निशुल्क बस यात्रा के लिए इच्छुक पशुपालक अपने नजदीक के पशु चिकित्सालय में संपर्क कर सकता है।
डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पशु मेले में पहुंचने वाले किसानों को कृषि विभाग, बागवानी, मत्स्य विभाग की प्रदर्शनी लगाकर इन क्षेत्रों में अपनाई जा रही नई तकनीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा, किसानों एवं पशुपालकों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं तथा नवीन तकनीकों एवं गतिविधियों की जानकारी भी प्रदान की जायेगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार देसी नस्लों को बढ़ावा देने और उन्हें बेहतर करने के साथ साथ प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
— ये रहेंगे पशुधन प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण :
 मेले में आने-जाने के लिए नि:शुल्क बस सेवा। विजेता पशुओं को आकर्षक इनाम। प्रतिदिन लक्की ड्रॉ द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी आदि इनाम के रूप में जीतने का मौका।
 पशुपालन, कृषि व बागवानी से सम्बंधित उत्पादों व यंत्रों की प्रदर्शनी। पशुपालकों के मनोरंजन के लिए रागनी, हरियाणवी नृत्य व भांगड़ा आदि। निशुल्क बसों में जाने वाले पशुपालकों व किसानों के लिए भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
— पशुओं की रैंप वॉक रहेगी आकर्षण का केंद्र :
     उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ मनीष डबास ने बताया कि पशु-प्रदर्शनी के दौरान गाय, भैंस, बैल, खागड़, भेड़, बकरी, मेढ़े, ऊंट, घोड़े, गधों, मुर्रा नस्ल, हरियाणा नस्ल, साहीवाल व विदेशी गायों की करीब 50 प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। पशु मेले में ऊंटों, घोड़ों के शानदार करतब भी दिखाए जाएंगे। मेले में पशुओं की रैंप पर वॉक भी देखने को मिलेगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस दौरान मेले में उत्तम नस्ल के पशु शामिल होंगे। इस मेले में उच्चतम नस्ल के पशुधन की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं, विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर किसानों एवं पशुपालकों को जानकारी प्रदान की जायेगी। उन्होंने पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में पशु मेले में भाग लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply